रत्नसंघ

Menu Close
Menu Close

पूज्य आचार्य श्री हमीरमलजी म.सा.

परम्परा के तीसरे पट्टधर आचार्य पूज्य श्री हमीरमलजी म.सा. परम गुरुभक्त, विनय मूर्ति और विशिष्ट साधक महापुरूष थे। नागौर मूल के श्रावकरत्न श्री नगराजजी गाँधी के घर-आँगन में माता ज्ञानदेवीजी रत्नकुक्षि से 1852 में जन्म बालक हमीरमल को मात्र ग्यारह वर्ष की आयु में पिता के वियेाग से संसार की असारता का भान हुआ। वि.स. 1863 की फाल्गुन कृष्णा सप्तमी को बिरांटिया ग्राम में पूज्य श्रीरत्नचन्द्रजी म.सा. ने हमीरमलजी को दीक्षित किया। ज्ञान-क्रिया सम्पन्न मुनिश्री ने चार विगय का त्याग तो किया ही, दस द्रव्यों की मर्यादा भी कर ली। परीषह विजयी पूज्य श्री हमीरमलजी म.सा. प्रखर उपदेशक थे। विनयचन्द्र चोबीसी के रचयिता श्रावकरत्न श्री विनयचन्द्रजी कुंभट ने पूज्य श्री हमीरमलजी म.सा. के वचन रूपी बीज को विद्वत्समाज तक पहुँचाया। आचार्यश्री के लेखन-कला बड़ी सुन्दर थी। उनके लिखे ग्रन्थ आज भी अनमोल निधि के रूप में सुरक्षित है।

अपने 48 चातुर्मासों में से 39 चातुर्मास गुरुदेव की सेवा में किए और शेष 9 चातुर्मास स्वतन्त्र किए। वि.स. 1910 की कार्तिक कृष्णा (एकम्) प्रतिपदा को नागौर में आपका संथारा संलेखना सहित समाधि मरण हुआ।

पूज्य आचार्य श्री रत्नचन्द्रजी म.सा.

परम प्रतापी कीर्ति-निस्पृह क्रियोद्धारक आचार्य श्री रत्नचन्द्रजी म.सा. का जन्म कुड़ ग्राम में सरावगी परिवार में हुआ। माता हीरादेवीजी ने स्वप्न में जलते हुए दीप को अपने मुँह में प्रवेश करते देखा तो पिताश्री लालचन्द्रजी ने गुण निष्पन्न नाम “रत्नचन्द्र” रखा। कुड़ जैसे छोटे से गाँव में जन्म लेने वाले प्रज्ञा व प्रतिभा सम्पन्न बालक को नागौर निवासी सेठ गंगारामजी ने वि.स. 1840 में दत्तक-पुत्र के रूप में गोद ले लिया। वि.स. 1847 में ज्ञान-क्रिया सम्पन्न आचार्य श्री गुमानचन्द्रजी म.सा.. आदि ठाणा नागौर पधारे तो शुद्ध अन्तःकरण के धनी रत्नचन्द्रजी के मन में वैराग्यमय उपदेश श्रवण कर विरक्त भावना जागृत हुई। वैराग्यवान रत्नचन्द्रजी ने दीक्षा की ठान ली। माता की आज्ञा नहीं थी, फिर भी वि.स. 1848 की वैशाख शुल्का पंचमी को मण्डोर की नागादड़ी के पास दीक्षा ग्रहण कर नवदीक्षित मुनि को “चिन्तामणि रत्न” मिलने की अपार खुशी हुई।

नवदीक्षित मुनि का मेवाड़ में तीन वर्ष विचरण रहा। बुद्धि की तीव्रता और स्मरण शक्ति की प्रखरता से उन्होंने व्याकरण ज्ञान के साथ आगम-साहत्य का अध्ययन करके विद्वत्ता का वरण किया। पाली चातुर्मास में माता को अपने पुत्र का वृत्तान्त ज्ञात हुआ तो राजा से बिना आज्ञा दीक्षित हुए पुत्र को पुनः वापस लाने हेतु प्रार्थना की। राज्य अधिकारियों को ही नहीं, स्वयं मातुश्री को प्रतिबोधित कर मुनिश्री ने अपने सारगर्भित वक्तत्व्य में संयम जीवन की महत्ता बताई तो माता को गलती का अहसास तो हुआ ही, नागौर चातुर्मास करने की पुरजोर विनति भी रखी।

पूज्य आचार्य श्री गुमानचन्द्रजी म.सा. के स्वर्गवास पश्चात् पूज्य-पद के लिए विचार हुआ। सम्प्रदाय के प्रबुद्धजनों में दो नामों पर विचार हुआ। पूज्य श्री दुर्गादासजी म.सा. और पूज्य श्री रत्नचन्द्रजी म.सा.। स्वयं रत्नचन्द्रजी म.सा. अनुभवी और वयोवृद्ध श्री दुर्गादासजी म.सा. को पूज्य-पद स्वीकार करने का पुनः पुनः आग्रह कर रहे थे तो पूज्य श्री दुर्गादासजी म.सा. की भावना सामने आ रही थी कि पूज्य-पद के लिए प्रतिभा सम्पन्न और शासन दीपाने में सक्षम रत्नचन्द्रजी महाराज पूज्य-पद संभाले। वे एक-दूसरे को पूज्य कहते पर पद ग्रहण करने से परहेज करते रहे। चोबीस वर्ष तक दोनों महापुरूषों में से किसी ने आचार्य पद ग्रहण नहीं किया। उदारता के साथ गुण ग्राहकता का ऐसा आदर्श अन्यत्र देखने-सुनने को नहीं मिला।

स्थविर श्री दुर्गादासजी म.सा. का 76 वर्ष की आयु में वि.स. 1882 के जोधपुर चातुर्मास में अष्ट प्रहर के चौविहार संथारे के साथ स्वर्गगमन हुआ। चतुविध संघ ने वि.स. 1882 की मार्गशीर्ष शुकला त्रयोदशी को आचार्य-पद प्रदान किया, शासन प्रभावना में कीर्तिमान कायम करने वाले, क्रियोद्धारक, कीर्ति-निस्पृह परम प्रतापी पूज्य आचार्य श्री रत्नचन्द्रजी म.सा. का 18 वर्ष तक का शासनकाल का ही प्रभाव है कि कुशलवंश परम्परा रत्नसंघ के नाम से विख्यात हुई। आचार्य श्री रत्नचन्द्रजी म.सा. का शासन 1902 की ज्येष्ठ शुक्ला चतुर्दशी तक रहा।

आचार्य पूज्य श्री गुमानचन्द्रजी म.सा.

कुशलवंश परम्परा के प्रथम आचार्य पूज्य श्री गुमानचन्द्रजी म.सा. माहेश्वरी जाति के सम्पन्न सद्गृहस्थ थे। अपनी मातुश्री के स्वर्गगमन पश्चात् पिता-पुत्र (श्री अखेराजजी व श्री गुमानचन्द्रजी) परम्परागत रीति के अनुसार अस्थियाँ विसर्जित करने पुष्कर गए। लौटते समय मेड़ता नगर में जहाँ उस समय उत्कृष्ट चारित्र के धनी पूज्य श्री कुशलचन्द्रजी म.सा. विराज रहे थे, दर्शन-वन्दन के साथ पिता-पुत्र में भक्ति भावना का ऐसा संचरण हुआ कि उन्हें संसार के प्रति उदासीनता हो गई। वि.स. 1818 की मार्गशीर्ष शुक्ला एकादशी को पिता-पुत्र दोनों ने पूज्य श्री कुशलचन्द्रजी म.सा. के मुखारविन्द से पावन प्रव्रज्या अंगीकार कर ली।

पूज्य आचार्य श्री गुमाचन्दजी म.सा. ने अपने लगभग बीस वर्ष की अवस्था वाले शिष्यरत्न श्री रत्नचन्द्रजी म.सा. के सहयोग से वि.स. 1854 में भोपालगढ़ आषाढ़ कृष्णा द्वितीया को 14 संतों के साथ 21 बोलों की मर्यादा कर क्रियोद्धार किया, वह कुशलवंश परम्परा की विशेष उपलब्धि है। पूज्य श्री रत्नचन्द्रजी म.सा. की यश-कीर्ति के प्रभाव से कुशलवंश परम्परा रत्नवंश के नाम से विख्यात है। उत्कृष्ट क्रियापात्र पूज्य आचार्य श्री गुमानचन्द्रजी म.सा. का वि.स. 1818 से 1858 तक 40 वर्ष पर्यन्त शासन प्रभावना का काल इस परम्परा की प्रमुख विशेषता है।

पूज्य श्री कुशलचन्दजी म.सा.

परम्परा के मूल पुरूष पूज्य श्री कुशलचन्द्रजी म.सा. परम प्रतापी, क्षमामूर्ति पूज्य आचार्य श्री भूधरजी म.सा. के चार प्रमुख शिष्यों में से एक थे। उन्होंने वि.सं. 1794 की फाल्गुन शुक्ला सप्तमी को दीक्षा अंगीकार की। अपने 45 वर्ष की निर्मल संयम-साधना में शिष्य परिवार होते हुए भी उस महापुरूष ने आचार्य पद ग्रहण नहीं किया और गुरुभ्राता पूज्य श्री जयमलजी म.सा. के साथ रहकर परस्पर प्रेम का अनूठा आदर्श उपस्थित किया। निर्मल संयम साधक, दृढ़ प्रतिज्ञ परम्परा के मूलपुरूष ने परम्परा का बीजारोपण किया। गुरुभ्राता के प्रति घनिष्ठ प्रेम का पाठ इस परम्परा का आदर्श रहा। अपने आराध्य गुरुवर्य पूज्य आचार्य श्री भूधरजी म.सा. के स्वर्गगमन पश्चात् गुरुभ्राता पूज्य श्री जयमलजी म.सा. के साथ परम्परा के मूलपुरूष पूज्य श्री कुशलचन्द्रजी म.सा. ने भी प्रतिज्ञा ले ली कि अब धरती पर लेटकर निद्रा नहीं लूंगा। पूज्य श्री कुशलचन्द्रजी म.सा. ने 45 यशस्वी चातुर्मास करके शासन की महती प्रभावना की।

मुखवस्त्रिका (MUKHVASTRIKA)

अपने मुख को ढकने का वस्त्र मुखवस्त्रिका कहलाती है। इसे बोलचाल की भाषा में मुंहपत्ति भी कहते है। व्यक्ति के अपने स्वयं के अँगुल से नाप कर इसे तैयार की जाती है। सामान्यतः इसका मापलम्बाई – 21 अँगुलचौड़ाई – 16 अँगुल सफेद रंग का कपड़ा लिया जाता है। उसके तीन बार फोल्ड करके आठ पट […]

माला (MALA)

नवकार मंत्र, लोगस्स, नमोत्थुणं आदि-आदि का जप करने, उनको बार-बार बोलने, एक ही पाठ अथवा पाठांश को एक से अधिक बार बोलने में माला अत्यन्त उपयोगी रहती है। माला में प्रायः 108 मनके होते है। ये लकड़े के हो तो उत्तम है। धागे में 108 गांठे बनाकर भी माला तैयार की जा सकती है। पंच […]

पूंजणी (PUNJANI)

कीड़ी—मकौड़ी आदि छोटे—बड़े सभी जीवों की रक्षा करने के लिए सहायक साधन पूंजणी कहलाती है। यह ऊन की बनी होती हैं। इसमें लगभग 52 फलियां होती हैं। ऊन की फलियां सफेद रंग की तथा उनका नीचे का हिस्सा मुलायम होना चाहिए ताकि प्रतिलेखना करते समय जीवों को ठेस नहीं पहुंचे, उनकी विराधना नहीं हो। चाहे […]

दुपट्टा (DUPATTA)

नाभि से ऊपर के शरीर के भागों को ढँकने के लिये जो वस्त्र धारण किया जाता है, उसे दुपट्टा कहते हैं। यह वस्त्र भी बिना सिला हुआ तथा श्वेत रंग का होना चाहिए। श्वेत रंग पवित्रता, समता एवं शान्तता का प्रतीक होता है। जीवों की प्रतिलेखना कर उन्हें बचाया जाना भी सुगम हो जाता है, […]

दरी (DARI)

संवर तथा पौषध आदि करते समय रात्रि में जब विश्राम करने की आवश्यकता होती है तब श्रावक-श्राविकाओं के बिछोने के रूप में दरी का उपयोग किया जाता है। यह जहाँ तक हो सके सूती धागे की बनी होनी चाहिए। सफेद रंग की अथवा हल्के (सपहीज)रंग की हो ताकि प्रतिलेखना अच्छी तरह से की जा सकें। […]

डांडिया (DANDIYA)

पौषध, संवर, दयाव्रत, सामायिक-प्रतिक्रमण आदि करते समय रात्रि में लघुशंका करने जाने, गुरुदेवों के सान्निध्य में रात्रि में दर्शन-वन्दन, स्वाध्याय, तत्त्व चर्चा आदि हेतु जाते-आते समय पूँजकर चलना आवश्यक होता है, अन्यथा अनेकानेक जीवों की विराधना का दोष लग जाता है। पौषध आदि में रात्रि में पूँजकर आवश्यक गमनागमन करने के लिए डांडिया होना प्रत्येक […]